एमसीयू के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में टीवी, रेडियो, एफएम एवं प्रोडक्शन में बनाएं कैरियर


 बेतवा भूमि न्यूज़ भोपाल: 
यदि आप टेलीविजन चैनल में एंकर, न्यूज़ रीडर, रिपोर्टर या रेडियो एवं एफएम में उद्घोषक अथवा आर.जे. बनना चाहते हैं, तो माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में प्रवेश लेकर अपना सपना साकार कर सकते हैं। विभाग में एमएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, एम.ए. इन ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म तथा बीएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जैसे रोजगारमूलक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। एमएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो वर्षीय मास्टर डिग्री के दौरान विद्यार्थियों को टीवी प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन, स्टूडियो संचालन, कैमरा एवं वीडियो एडिटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। एम.ए. इन ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म में दो वर्षीय मास्टर डिग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को टीवी पत्रकारिता, न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन तथा डिजिटल न्यूज़ मीडिया की पेशेवर समझ विकसित कराई जाती है। बीएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम है, जिसमें विद्यार्थियों को रेडियो, टेलीविजन, फिल्म निर्माण, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रोडक्शन एवं मीडिया तकनीक की आधारभूत से उन्नत शिक्षा प्रदान की जाती है।
इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी टीवी चैनलों, रेडियो एवं एफएम स्टेशनों, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, प्रोडक्शन हाउस, विज्ञापन एजेंसियों तथा फिल्म उद्योग में अपना भविष्य बना सकते हैं। पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय एवं बोर्ड से स्नातक तथा 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। विभाग से उत्तीर्ण हुए विद्यार्थी आज देश के विभिन्न समाचार चैनलों, रेडियो, एफएम, प्रोडक्शन हाउस एवं फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहे हैं। विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट  पर जाकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 16 जून है।