थाना व्यवस्थाओं, डिजिटल पुलिसिंग एवं निगरानी प्रकरणों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बेतवा भूमि न्यूज़ विदिशा
पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी द्वारा आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को थाना करारिया चौराहा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
*डायल-112 की तकनीकी एवं त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था की ली जानकारी:*
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 व्यवस्था की जानकारी लेते हुए 112 वाहन की उपलब्धता, GPS/लोकेशन सिस्टम, तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता, प्राप्त कॉल पर त्वरित रिस्पॉन्स तथा घटनास्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने डायल-112 की तकनीकी एवं परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त रखते हुए आपात स्थिति में आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*मालखाने की व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की सुरक्षा का लिया जायजा:*
इसके पश्चात मालखाने का निरीक्षण कर वहां रखे सामान एवं अभिलेखों के रख-रखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार के संबंध में निर्देश दिए गए।
*डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म के उपयोग की समीक्षा:*
थाना भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा CCTNS, ICJS, e-Rakshak, e-Sakshya, e-Vivechana, e-Summons एवं e-Prosecution जैसे महत्वपूर्ण डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म के उपयोग एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी डिजिटल माध्यमों का प्रभावी एवं नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं तकनीक-सक्षम बनाया जा सके।
*गुंडा निगरानी एवं जिला बदर प्रकरणों की समीक्षा:*
इसके साथ ही गुंडा निगरानी एवं जिला बदर प्रकरणों से संबंधित फाइलों एवं रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था की दृष्टि से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी करारिया निरीक्षक सीमा राय सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।