विदिशा रनर्स ग्रुप ने शरद कुशवाहा को दिया ‘मंथली बेस्ट रनर अवॉर्ड’, युवाओं को नियमित रनिंग के लिए किया प्रेरित
विदिशा। स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से Vidisha Runners Group द्वारा हर महीने 300 किलोमीटर से अधिक रनिंग वर्कआउट पूरा करने वाले रनर्स को सम्मानित करने की अनूठी पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में सितंबर माह में 320 किलोमीटर रनिंग वर्कआउट पूरा करने वाले रनर शरद कुशवाहा को September 2026 Monthly Best Runner Award से सम्मानित किया गया।
स्थानीय माधव उद्यान में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रनिंग साथियों की मौजूदगी में शरद कुशवाहा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप के संस्थापक एवं राष्ट्रीय धावक भानु दुबे ने कहा कि Vidisha Runners Group पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार लोगों को रनिंग के लिए प्रेरित कर रहा है। ग्रुप के साथी देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाली बड़ी मैराथन प्रतियोगिताओं में भी भाग लेते हैं। हाल ही में उज्जैन में आयोजित पंख मैराथन महाकाल एडिशन में भी ग्रुप के 15 सदस्यों ने हिस्सा लिया था।
भानु दुबे ने कहा कि रनिंग केवल सड़क पर दौड़ने का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतरता, समर्पण और हर दिन खुद को बेहतर बनाने का संकल्प है। इसी सोच के तहत यह निर्णय लिया गया है कि ग्रुप अथवा शहर का कोई भी रनर यदि एक महीने में 300 किलोमीटर या उससे अधिक रनिंग वर्कआउट पूरा करता है, तो उसे सामूहिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
320 किलोमीटर की मेहनत बनी प्रेरणा
सितंबर माह में शरद कुशवाहा ने अपनी मेहनत, जुनून और निरंतरता के दम पर 320 किलोमीटर रनिंग वर्कआउट पूरा कर यह उपलब्धि हासिल की। उन्हें मिला यह सम्मान केवल ट्रॉफी या अवॉर्ड नहीं, बल्कि सुबह की नींद छोड़कर लगातार उठाए गए कदमों, पसीने और हर दिन स्वयं को चुनौती देने की मेहनत का सम्मान है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शरद कुशवाहा की उपलब्धि Vidisha Runners के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणादायक है। उम्र या परिस्थितियां नहीं, बल्कि मजबूत इरादा, अनुशासन और निरंतरता व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुंचाती है।
ग्रुप ने लोगों से नियमित रनिंग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए संदेश दिया—
“दौड़िए अपने लिए, दौड़िए अपने परिवार के लिए और दौड़िए स्वस्थ समाज के लिए।”
इस अवसर पर संस्थापक भानु दुबे, खजान सिंह प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय, राजकुमार दुबे, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, राकेश शर्मा, मनिंदर सिंह संधू, कैलाश चंद्रवंशी, विशाल शर्मा, एडवोकेट माधो मोहड़, राजीव शर्मा, सुनील शर्मा, प्रभात यादव सहित Vidisha Runners Group के सदस्य एवं रनिंग साथी उपस्थित रहे।
ग्रुप की ओर से शरद कुशवाहा को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई गई कि आने वाले महीनों में Vidisha Runners के अन्य साथी भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।