तकनीकी दक्षता, सतत मॉनिटरिंग और उत्कृष्ट डेटा प्रबंधन के बल पर विदिशा पुलिस ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मध्यप्रदेश की सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी के नेतृत्व तथा जिले के थाना प्रभारियों, विवेचकों, सीसीटीएनएस ऑपरेटरों एवं जिला सीसीटीएनएस टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
सीसीटीएनएस परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक माह प्रदेश के सभी जिलों का मूल्यांकन डेटा क्वालिटी एवं डेटा क्वांटिटी सहित निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाता है। विदिशा पुलिस ने योजनाबद्ध रणनीति, नियमित प्रशिक्षण और प्रभावी निगरानी के माध्यम से अपनी रैंकिंग में लगातार सुधार दर्ज कराया।
जिले के सभी थानों में कार्यरत सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से नियमित प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विवेचकों को रैंकिंग से जुड़े विभिन्न पैरामीटरों की विस्तृत जानकारी देकर कार्यों में गुणवत्ता और दक्षता सुनिश्चित की गई।
जिला स्तर पर गठित सीसीटीएनएस टीम द्वारा प्रतिदिन रैंकिंग पैरामीटरों की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार की जाती रही तथा आवश्यक सुधार हेतु थाना स्तर पर मार्गदर्शन और निर्देश प्रदान किए जाते रहे। इसी सतत प्रक्रिया का परिणाम रहा कि विदिशा की रैंकिंग लगातार बेहतर होती गई।
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी प्रत्येक माह सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और ऑपरेटरों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाता है, जबकि अपेक्षित प्रदर्शन न करने वालों को सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं। इसके अलावा नवआरक्षकों को पदस्थापना से पूर्व विशेष सीसीटीएनएस प्रशिक्षण देकर प्रत्येक थाने में प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाता है।
उल्लेखनीय है कि विदिशा जिला पिछले छह माह से प्रदेश की शीर्ष-5 सीसीटीएनएस रैंकिंग में लगातार शामिल रहा है। जुलाई 2024 में जहां जिले की रैंकिंग 15वें स्थान पर थी, वहीं निरंतर प्रयास, समर्पण और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते मई 2026 की रैंकिंग में विदिशा ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया।
डिजिटल पुलिसिंग का बना मॉडल जिला
सीसीटीएनएस प्रणाली अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के वैज्ञानिक संधारण, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार, रिकॉर्ड प्रबंधन की पारदर्शिता और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विदिशा पुलिस द्वारा इस प्रणाली के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन ने जिले को प्रदेश में अग्रणी पहचान दिलाई है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने समस्त थाना प्रभारियों, विवेचकों, सीसीटीएनएस ऑपरेटरों एवं जिला सीसीटीएनएस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्कृष्टता को बनाए रखते हुए नागरिकों को और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा व्यक्त की।