65 वीं अंतर जिला जोनल पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता मध्यजोन, भोपाल-2026 का पुलिस अधीक्षक विदिशा ने किया भव्य शुभारंभ

बेतवा भूमि न्यूज़ विदिशा 
65 वीं अंतर जिला जोनल पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता मध्यजोन, भोपाल-2026 का पुलिस अधीक्षक विदिशा ने किया भव्य शुभारंभ
11 से 13 जून तक चलेगी तीन दिवसीय प्रतियोगिता, 8 जिलों के 266 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के नेतृत्व में आयोजित 65वीं अंतर जिला जोनल पुलिस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता मध्यजोन, भोपाल-2026 का आज दिनांक 11 जून 2026 को पुलिस लाइन ग्राउंड विदिशा में भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 11 जून से 13 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें मध्यजोन के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि का कैप पहनाकर एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा टीम मैनेजरों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया गया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

प्रतियोगिता में जिला विदिशा, जिला भोपाल, जिला सीहोर, जिला राजगढ़, जिला हरदा, जिला बैतूल, जिला नर्मदापुरम तथा रेडियो भोपाल की टीमों के कुल 266 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। समारोह के दौरान सभी टीमों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट किया गया तथा खिलाड़ियों ने मंच के समक्ष से गुजरकर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

इसके उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिशा डॉ. प्रशांत चौबे द्वारा प्रतियोगिता का खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा, सहभागी टीमों एवं आयोजित की जाने वाली विभिन्न खेल स्पर्धाओं की जानकारी दी गई।

अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस अनुशासन का दूसरा नाम है तथा पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, धैर्य, निर्णय क्षमता, नेतृत्व कौशल, टीम भावना एवं भाईचारे का विकास करते हैं, जो पुलिस सेवा के लिए अत्यंत आवश्यक गुण हैं।उन्होंने कहा कि खेलों से प्राप्त अनुभव पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था, अपराध अनुसंधान, आपदा प्रबंधन एवं दैनिक पुलिसिंग के दौरान बेहतर निर्णय लेने में सहायता प्रदान करते हैं। खेल तनाव, मानसिक दबाव एवं कार्यगत चुनौतियों से उबरने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने, अनुशासन बनाए रखने तथा मध्यप्रदेश पुलिस की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने आशा व्यक्त की कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश पुलिस का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, टीम प्रबंधकों एवं अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी द्वारा 65वीं अंतर जिला जोनल पुलिस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता मध्यजोन भोपाल-2026 के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई तथा प्रतियोगिता का ध्वज फहराया गया।

कार्यक्रम के दौरान विदिशा टीम के कप्तान एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, निष्पक्षता, अनुशासन एवं खेल नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

शुभारंभ अवसर पर पुरुष वर्ग 100 मीटर दौड़ एवं महिला वर्ग 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

सम्पूर्ण आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के वातावरण में सम्पन्न हुआ। आगामी तीन दिनों तक विभिन्न व्यक्तिगत एवं टीम खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, रक्षित निरीक्षक श्री भूर सिंह चौहान, सूबेदार श्री आशीष राय, विभिन्न जिलों से आए खेल प्रबंधक, अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षु नव आरक्षक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।