सातवें दिन भी गरजे चिकित्सक शिक्षक: दो घंटे ठप रही ओपीडी, मांगें नहीं मानीं तो आपातकालीन सेवाएं बंद करने की चेतावनी



 बेतवा भूमि न्यूज़ विदिशा, 
22 जुलाई। मध्यप्रदेश टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) की विदिशा इकाई ने चिकित्सक शिक्षकों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समर्थन में बुधवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस आंदोलन के दौरान चिकित्सक शिक्षकों ने अस्पताल परिसर स्थित सीआरसी (CRC) के सामने एकत्र होकर शासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई।
आंदोलन के तहत चिकित्सक शिक्षकों ने ओपीडी, शिक्षण कार्य तथा अन्य नियमित शासकीय कार्यों का बहिष्कार किया। हालांकि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन एवं जीवनरक्षक सेवाएं पूर्ववत संचालित होती रहीं, जिससे गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एमटीए के पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के समानांतर संगठन का प्रतिनिधिमंडल भोपाल स्थित वल्लभ भवन में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर चिकित्सक शिक्षकों की मांगों पर चर्चा कर रहा है। संगठन को उम्मीद है कि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर लंबित मांगों का समाधान करेगी।

एमटीए ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन का सातवां दिन है। यदि शासन द्वारा जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों की लगातार अनदेखी होने पर भविष्य में आपातकालीन सेवाएं भी बंद करने जैसा कठोर निर्णय लिया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।