जुलाई-अगस्त में ₹1.10 करोड़ से अधिक कीमत के मोबाइल मिले, 2025 से अब तक 2,252 मोबाइल वास्तविक मालिकों को लौटाए
विदिशा। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विदिशा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन मोबाइल रिकवरी’ अभियान को बड़ी सफलता मिली है। जुलाई-अगस्त 2026 में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 537 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1 करोड़ 10 लाख 8 हजार 500 रुपये है। पुलिस ने इन मोबाइलों को तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई लगातार जारी है। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस की इस पहल से मोबाइल खो चुके लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
2025 से अब तक 2,252 मोबाइल बरामद
विदिशा पुलिस के अनुसार मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत फरवरी 2025 में 310, जून 2025 में 527, अक्टूबर 2025 में 275, फरवरी 2026 में 603 तथा जुलाई-अगस्त 2026 में 537 मोबाइल बरामद किए गए। इस तरह अब तक कुल 2,252 मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹4 करोड़ 82 लाख 99 हजार 500 रुपये है, बरामद किए जा चुके हैं।
मध्यप्रदेश के साथ अन्य राज्यों से भी बरामद हुए मोबाइल
मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत पुलिस ने विदिशा जिले के अलावा भोपाल, रायसेन, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, देवास, शिवपुरी, सागर, धार, दमोह और नर्मदापुरम सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से मोबाइल ट्रेस किए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार से भी मोबाइल बरामद किए गए।
सायबर सेल और कोतवाली पुलिस का बेहतर प्रदर्शन
जुलाई-अगस्त 2026 की कार्रवाई में सायबर सेल ने सर्वाधिक 137 मोबाइल, जबकि कोतवाली थाना पुलिस ने 94 मोबाइल बरामद किए। अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने तकनीकी जानकारी और CEIR पोर्टल की लगातार निगरानी करते हुए गुम मोबाइलों को ट्रेस किया।
थाना-वार बरामदगी में बासौदा शहर 41, सिविल लाइन 28, बासौदा देहात 26, सिरोंज 28, कुरवाई 25, लटेरी 12, पथरिया 5, त्योंदा 21, नटेरन 13, गुलाबगंज 17, शमशाबाद 14, मुगलसराय 7, करारिया 11, मुरवास 6, पठारी 14, आनंदपुर 11, दीपनाखेड़ा 15, हैदरगढ़ 3 और ग्यारसपुर से 9 मोबाइल बरामद किए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान
अभियान पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना के निर्देश, पुलिस महानिरीक्षक भोपाल जोन रुचिवर्धन मिश्र एवं उप पुलिस महानिरीक्षक भोपाल रेंज राजेश सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी के नेतृत्व में सायबर सेल और विभिन्न थाना पुलिस द्वारा मोबाइल रिकवरी की कार्रवाई की जा रही है।
सायबर सेल प्रभारी उनि गौरव रघुवंशी के नेतृत्व में टीम ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में प्रधान आरक्षक रोहित रैकवार, आरक्षक अरविंद यादव, रूपेश मेहता, प्रदीप चोरसिया, प्रवीण शर्मा, दीपक कुर्मी, रनवीर सिंह, शिव प्रताप सिंह तथा महिला आरक्षक अभिरुचि शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित
मोबाइल रिकवरी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से की अपील
विदिशा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके साथ ही सायबर हेल्पलाइन 7587637635 पर संपर्क करें अथवा CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
सायबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। नागरिक संचार साथी पोर्टल के माध्यम से अपने नाम पर जारी मोबाइल सिम की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं और किसी अनधिकृत सिम के पाए जाने पर उसे ब्लॉक करा सकते हैं।
विदिशा पुलिस का संदेश है कि मोबाइल गुम होने पर निराश न हों। तत्काल सूचना दें, क्योंकि तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस आपके मोबाइल को तलाशकर वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।