सतना-चित्रकूट में भारी बारिश से बिगड़े हालात, बाढ़ का कहर; प्रशासन और NDRF-SDRF टीमें अलर्ट

बेतवा भूमि न्यूज़ सतना-चित्रकूट 
में भारी बारिश से बिगड़े हालात, बाढ़ का कहर; प्रशासन और NDRF-SDRF टीमें अलर्ट
चित्रकूट में कई इलाकों में जलभराव, घाट और बिजली के पोल प्रभावित; कलेक्टर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
बेतवा भूमि न्यूज़ |
सतना/चित्रकूट। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और अतिवृष्टि के चलते सतना और चित्रकूट क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा है।
सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. ने नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और जलाशयों के आसपास जाने से बचने तथा पानी से भरे पुल-पुलियों को पार नहीं करने की हिदायत दी है।

बाढ़ और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए SDRF की तीन टीमें चित्रकूट, पिंडरा और सतना में तैनात की गई हैं। इसके अलावा रीवा से दो अतिरिक्त SDRF टीमें बुलाई गई हैं। आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने तीन NDRF टीमें तैनात करने के निर्देश भी दिए हैं।

चित्रकूट में हालात चिंताजनक

चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। नगर पालिका कार्यालय के पास करीब 4 से 5 फीट तक पानी बहने की सूचना है। कई मोहल्लों में पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कुछ स्थानों पर नावों के जरिए आवाजाही कराई जा रही है।

मध्यप्रदेश की ओर भरत घाट स्थित गंगा आरती स्थल भी बाढ़ के पानी से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कई स्थानों पर बिजली के पोल गिरने और ट्रांसफार्मरों के प्रभावित होने की सूचना है। सुरक्षा की दृष्टि से सुबह करीब 9 बजे बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई।

बाढ़ के बढ़ते जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों को देखते हुए प्रशासन, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।