550 से अधिक CCTV फुटेज और 400 लोगों से पूछताछ के बाद विदिशा पुलिस ने सुलझाया पट्टन-पिपलधार लूटकांड


 बेतवा भूमि न्यूज़ विदिशा 
अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹25.18 लाख का लूट का मशरूका बरामद — 3 अवैध कट्टे, 7.235 किलो चांदी, 25 ग्राम सोना और 2 मोटरसाइकिल जब्त
विदिशा, 23 अगस्त 2026। पट्टन-पिपलधार के बीच व्यापारी पिता-पुत्र के साथ हुई लूट और फायरिंग की गंभीर वारदात का विदिशा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7.235 किलोग्राम चांदी, 25 ग्राम सोना, दो मोटरसाइकिल एवं तीन अवैध देसी कट्टे सहित कुल ₹25 लाख 18 हजार 750 रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) जोन श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र एवं उप पुलिस महानिरीक्षक (देहात) रेंज भोपाल श्री राजेश सिंह चंदेल के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में की गई।

फायरिंग कर व्यापारी से लूट, पिता घायल
दिनांक 5 अगस्त 2026 को शाम करीब 6:30 बजे थाना शमशाबाद क्षेत्र में ग्राम पट्टन-पिपलधार के बीच शासकीय अस्पताल के पास सोना-चांदी का व्यापार करने वाले पिता-पुत्र के साथ लूट की वारदात हुई थी।

फरियादी यश सोनी उम्र 22 वर्ष, निवासी विदिशा, अपने पिता संजय सोनी उम्र 50 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा कर मोटरसाइकिल गिरा दी। आरोपियों ने देशी कट्टे से फायरिंग करते हुए सोना-चांदी एवं नगदी से भरा झोला लूट लिया और पिपलधार की ओर फरार हो गए।
फायरिंग में संजय सोनी के बाएं हाथ की कलाई में गोली लगी, जबकि मोटरसाइकिल से गिरने के कारण यश सोनी घायल हो गए। दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

मामले में थाना शमशाबाद में अपराध क्रमांक 307/2026, धारा 309(6), 311 एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

छह विशेष पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी एवं लूटे गए मशरूके की बरामदगी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी लटेरी श्री अमरेश बोहरे के नेतृत्व में छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने फरियादी के घर से निकलने, हाट बाजार पहुंचने और वापस लौटने तक के पूरे मार्ग की सघन जांच की। घटनास्थल सहित आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले मार्गों पर भी लगातार पतारसी की गई।

550 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, 400 से ज्यादा लोगों से पूछताछ

विदिशा पुलिस के 360° दृष्टि अभियान के अंतर्गत लगाए गए 550 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसके साथ ही 400 से अधिक लोगों एवं संदिग्धों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ की सहायता ली गई तथा फरियादी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों के स्कैच तैयार कर उनकी पहचान के प्रयास किए गए।

उत्तरप्रदेश में छिपे आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान आरोपियों के उत्तरप्रदेश में छिपे होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीमों ने उत्तरप्रदेश में कई दिनों तक डेरा डालकर आरोपियों की तलाश की। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे और उनके नेपाल भागने की भी आशंका थी।

विदिशा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के बाद चारों आरोपियों को उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

1. कृष्णपाल उर्फ मंजले राजा पिता नत्थु सिंह बुंदेला, उम्र 32 वर्ष, निवासी बलरगुवां, थाना पुराकलां, उत्तरप्रदेश।
2. इंद्रपाल सिंह बुंदेला पिता केहर सिंह बुंदेला, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम चांदरा, थाना पुराकलां, उत्तरप्रदेश।
3. कल्याण सिंह परमार पिता शिवराज सिंह परमार, उम्र 45 वर्ष, निवासी टीला, थाना कोतवाली, ललितपुर, उत्तरप्रदेश।
4. टिंकू उर्फ मुकेश पिता रामसिंह यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी मुरादपुर, चौकी उदयपुर, थाना गंजबासौदा, मध्यप्रदेश।

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश में पूर्व से भी गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।

₹25.18 लाख से अधिक का मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न मशरूका बरामद किया—

- 7.235 किलोग्राम चांदी — कीमत लगभग ₹18,08,750
- 25 ग्राम सोना — कीमत लगभग ₹3,50,000
- दो मोटरसाइकिल — अपाचे RTR 160 एवं प्लेटिना, कीमत लगभग ₹2,10,000
- तीन अवैध देसी कट्टे — कीमत लगभग ₹1,50,000

इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल ₹25 लाख 18 हजार 750 रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹30 हजार का इनाम

फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) जोन श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र द्वारा ₹30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान

लूटकांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं लूटे गए मशरूके की बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वहीं सर्राफा एसोसिएशन द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी, एसडीओपी लटेरी श्री अमरेश बोहरे, थाना प्रभारी शमशाबाद निरीक्षक आशुतोष सिंह राजपूत सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। एसोसिएशन ने पुलिस की तत्परता, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) श्री पंकज गीते, एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह, थाना प्रभारी शमशाबाद निरीक्षक आशुतोष सिंह राजपूत, निरीक्षक आनंद राज, निरीक्षक संजय वेदिया, थाना प्रभारी बीना निरीक्षक अनूप यादव, घुंघचाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार (पीलीभीत, उत्तरप्रदेश), उपनिरीक्षक रितुराज सिंह, उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भिलाला, उपनिरीक्षक रघुराज रघुवंशी, उपनिरीक्षक गौरव रघुवंशी, उपनिरीक्षक रोहित कौरव, उपनिरीक्षक श्रीमती पिंकी खींची, उपनिरीक्षक रमन सिंह, सहायक निरीक्षक अरुण शिवरमन, प्रधान आरक्षक रोहित रैकवार (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा, महेश पाठक सहित पुलिस टीम के कुलदीप चंदेल, संजय तिवारी, अरुण मिश्रा, धर्मेन्द्र शर्मा, विजय गुप्ता, सुनील गंधर्व, आरक्षक रुपेश मेहता (साइबर सेल), दीपक पाल, दिलीप ठाकुर, रामदीन रावत, विष्णु तोमर, सोनू राजपूत, भानू ठाकुर, संजय यादव, शुभेन्द्र चौहान, अंकुश जाट, भूपेन्द्र यादव, राघवेन्द्र सिकरवार, संदीप जाट, अजय सिकरवार, हितेश तिवारी, शिशुपाल दांगी, सतेन्द्र ठाकुर, अमर दांगी, सचिन सोनी, अनिदेश सेंगर, भूपेन्द्र कुर्मी, चंद्रहास मालवीय, अजीत, सोमेश शुक्ला, सुनील मल्होत्रा, वीरेन्द्र दांगी, आनंद गौतम, प्रदीप रघुवंशी, महेश यादव, गुलशन कुशवाह, कपिल यादव, विपिन मुदगल एवं दीपक राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।