तिरंगे की शान में दौड़ी विदिशा पुलिस, 70 से अधिक बाइकों के साथ निकली भव्य रैली

बेतवा भूमि न्यूज़ विदिशा
एसपी रोहित काशवानी के नेतृत्व में शहर में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का दिया संदेश
विदिशा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 अगस्त 2026 को विदिशा पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने किया।
तिरंगा वाहन रैली का शुभारंभ थाना कोतवाली विदिशा से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर पुलिस अधिकारी और जवान पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ रैली में शामिल हुए। 70 से अधिक मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ निकली रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
रैली थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर तिलक चौक, बड़ा बाजार, बजरिया, तोपपुरा, नंदीपुरा, रामलीला, मुखर्जी नगर, विवेकानंद चौराहा, बस स्टैंड, सब्जी मंडी एवं नीमताल होते हुए रक्षित केंद्र विदिशा पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।

🇮🇳 एसपी बोले—तिरंगा देश की आन, बान और शान

पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य पुलिस बल के साथ-साथ आम नागरिकों में भी राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने जिलेवासियों से तिरंगे का सम्मान करने और देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पुलिस ने नागरिकों से की विशेष अपील

विदिशा पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।

पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग एवं विवाद से बचने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की भी अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा डायल-112 की सहायता लेने का आग्रह किया गया।

पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी रहे मौजूद

तिरंगा वाहन रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) श्री पंकज गीते, उप पुलिस अधीक्षक श्री भूर सिंह चौहान, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक राजपाल सिंह जादौन, थाना यातायात प्रभारी आशीष राय, रक्षित निरीक्षक नीरज सिंह सिकरवार, कंट्रोल रूम प्रभारी हिरदय सिंह, सूबेदार मेघा शर्मा, सूबेदार भागीरथ सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

तिरंगे से सजे पुलिस वाहनों और मोटरसाइकिलों के काफिले ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। रैली के माध्यम से विदिशा पुलिस ने “तिरंगा हमारी आन, बान और शान” के संदेश के साथ नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक किया।