“360° दृष्टि अभियान” के तहत शहर के 12 प्रमुख स्थानों पर लगेंगे CCTV कैमरे, अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
विदिशा। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विदिशा पुलिस द्वारा संचालित “360° दृष्टि अभियान” को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। CSR गतिविधि के तहत SBI द्वारा CCTV कैमरों की स्थापना के लिए विदिशा पुलिस को ₹9 लाख 94 हजार का चेक प्रदान किया गया।
पुलिस के अनुसार इस राशि से विदिशा शहर के 12 प्रमुख स्थानों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कुल 50 CCTV कैमरों का इंस्टालेशन किया जाएगा। इससे शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम और घटनाओं के त्वरित खुलासे में पुलिस को सहायता मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक को सौंपा चेक
पुलिस अधीक्षक कार्यालय विदिशा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान SBI भोपाल मंडल के जनरल मैनेजर श्री भरत कुमार मिश्रा, रीजनल मैनेजर क्षेत्रीय कार्यालय विदिशा एवं रायसेन श्री धीरज राय तथा LDM श्री भगवान सिंह बघेल ने CCTV कैमरा स्थापना हेतु राशि का चेक पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी को सौंपा।
CCTV निगरानी से मजबूत होगी सुरक्षा
“360° दृष्टि अभियान” के तहत प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरों का नेटवर्क मजबूत होने से पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। किसी घटना के बाद CCTV फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान, घटनाक्रम की जानकारी जुटाने और जांच को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिल सकेगी।
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों का इस जनहितकारी पहल में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज की विभिन्न संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
SBI के इस सहयोग से विदिशा शहर में आधुनिक निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और “360° दृष्टि अभियान” के माध्यम से सुरक्षित विदिशा की दिशा में पुलिस का प्रयास और प्रभावी होगा।