रवींद्र भवन में सजा कला का अद्भुत संसार, 72 कलाकारों की 200 से अधिक पेंटिंग्स ने मोहा मन


 बेतवा भूमि न्यूज़ भोपाल 
से विजय वर्मा की खास रिपोर्ट
कलाज्ञ की तीसरी आर्ट एग्जीबिशन में देशभर के कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा, कला के साथ क्रिएटिव कार्निवाल बना आकर्षण का केंद्र
भोपाल। रवींद्र भवन की ललित आर्ट गैलरी शनिवार को रंगों, कल्पनाओं और रचनात्मकता से सराबोर नजर आई। यहां कलाज्ञ की ओर से आयोजित तीसरी आर्ट एग्जीबिशन में देश के अलग-अलग शहरों से आए 72 कलाकारों की 200 से अधिक पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं। प्रत्येक कलाकृति अपने आप में एक अलग कहानी और भावनाओं को व्यक्त करती नजर आई।

इस प्रदर्शनी की खासियत यह रही कि इसे केवल पेंटिंग्स की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि क्रिएटिव कार्निवाल का स्वरूप दिया गया। यहां कला प्रेमियों और विजिटर्स को विभिन्न प्रकार की रचनात्मक कलाओं को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला।

पेंटिंग्स के साथ क्रिएटिव आर्ट का आकर्षण

प्रदर्शनी में थ्री-डी पेंटिंग, कस्टमाइज्ड कैंडल्स, ब्रेड आर्ट, क्रोशे वर्क सहित विभिन्न प्रकार के क्रिएटिव आर्ट के स्टॉल लगाए गए। विजिटर्स ने जहां इन कलाकृतियों को देखा, वहीं अपनी पसंद की रचनात्मक वस्तुओं की खरीदारी भी की।

कलाकारों की कलाकृतियों में प्रकृति, जीवन, आध्यात्मिकता, भावनाओं और मानवीय संवेदनाओं के विविध रंग देखने को मिले। कुछ पेंटिंग्स ने जीवन के गहरे अर्थों को उकेरा तो कुछ ने अपनी खूबसूरती और कल्पनाशीलता से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

हर कलाकृति में दिखी कलाकार की अलग पहचान

प्रदर्शनी में शामिल कलाकारों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। चित्रों में शकुंतला, शिवत्व और जीवन के विभिन्न भावों को अलग-अलग कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। कई कलाकृतियां संदेश देती नजर आईं कि वास्तविक खूबसूरती को दिखावे की आवश्यकता नहीं होती।

तस्वीर में शामिल कलाकारों में अलका रकसे, आलोक पावर, निशिता सुखवानी, पूजा चावड़ा, सबरीना खान एवं भूमिका राजपूत की पेंटिंग्स भी शामिल रहीं। सभी कलाकारों की कलाकृतियां एक से बढ़कर एक रहीं और उन्होंने अपनी रचनात्मक प्रतिभा से कला प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

दो दिन तक चली प्रदर्शनी

कलाज्ञ की यह तीसरी आर्ट एग्जीबिशन 22 और 23 अगस्त को रवींद्र भवन की ललित आर्ट गैलरी में आयोजित की गई। प्रदर्शनी में कला प्रेमियों, कलाकारों और शहरवासियों ने पहुंचकर विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की।