शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ चुनाव, 224 मतों से दर्ज की शानदार जीत
सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विधिवत मतगणना कराई गई, जिसमें चार प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी।
मतगणना के अंतिम परिणाम में रामराज दांगी को 1193 मत प्राप्त हुए, जबकि सरदार रघुवंशी को 969 मत मिले। इस प्रकार रामराज दांगी ने 224 मतों के अंतर से शानदार विजय हासिल की। वहीं मिथिलेश दांगी को 184 मत तथा भूपेंद्र रघुवंशी को 56 मत प्राप्त हुए। मतगणना में 14 मत निरस्त किए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट संतोष शर्मा ने अंतिम परिणाम की घोषणा करते हुए रामराज दांगी को विजयी घोषित किया तथा उन्हें अध्यक्ष पद का विजय प्रमाण-पत्र प्रदान किया। परिणाम की घोषणा के साथ ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन, निर्वाचन अधिकारी, समिति के पदाधिकारियों, प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं एवं सभी मतदाताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी पक्षों ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामराज दांगी के सामने अब समिति की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती देने तथा सभी वर्गों को साथ लेकर सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी होगी।
चुनाव परिणाम के बाद समिति से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी आपसी समन्वय, एकता और भाईचारे के साथ सनातन धर्म एवं समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाएगी।