बालिकाओं की शिक्षा एवं कौशल विकास को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
दिनांक 28 अगस्त 2026 को कलेक्टर अंशुल गुप्ता शासकीय बालिका संप्रेषण गृह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संस्था में निवासरत विधि-विवादित बालिकाओं से मुलाकात कर उनकी स्थिति एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बालिकाओं के साथ आत्मीयता से रक्षाबंधन पर्व मनाया।
इस अवसर पर बालिकाओं ने कलेक्टर महोदय को राखी बांधी। कलेक्टर ने बालिकाओं से उनके प्रकरणों एवं संस्था में रहकर प्राप्त की जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा।
बालिका संप्रेषण गृह अधीक्षक श्रीमती आकांक्षा मरावी द्वारा बालिकाओं से संबंधित समस्त आवश्यक जानकारी कलेक्टर महोदय को प्रदान की गई।
कलेक्टर महोदय ने बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए ब्रिज कोर्स एवं ओपन स्कूलिंग के माध्यम से उनकी शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश अधीक्षक श्रीमती आकांक्षा मरावी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता कास्वा को दिए। साथ ही बालिकाओं को भविष्य में रोजगारपरक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कंप्यूटर के शॉर्ट टर्म कोर्सेज से जोड़ने के भी निर्देश दिए गए।
रक्षाबंधन के अवसर पर संप्रेषण गृह की बालिकाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई सुंदर कलाकृति कलेक्टर महोदय को भेंट की गई। कलेक्टर महोदय ने बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता कास्वा, श्रीमती आकांक्षा मरावी अधीक्षक बालिका संप्रेषण गृह, अनुज जैन,मुकेश ताम्रकार, श्रीमत सॉनैला डेविड,सुकेशी तिर्की उपस्थित रही।
कलेक्टर महोदय द्वारा संस्था में पहुंचकर बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाने एवं उनका उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर की इस आत्मीय पहल से संप्रेषण गृह की बालिकाओं में उत्साह एवं अपनत्व की भावना देखने को मिली।