राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित आईपीएस श्रीमती कृष्णावेणु देशावतु का राजभवन में गौरवपूर्ण अभिनंदन


 बेतवा भूमि न्यूज़ भोपाल। 
राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से अलंकृत श्रीमती कृष्णावेणु देशावतु, भारतीय पुलिस सेवा, सचिव, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन, वल्लभ भवन भोपाल का राजभवन स्थित लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में विशेष सम्मान किया गया।
श्रीमती कृष्णावेणु देशावतु मध्यप्रदेश कैडर की वर्ष 2007 बैच की भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी हैं तथा वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग में सचिव (पुलिस) के पद पर पदस्थ हैं। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उनकी उत्कृष्ट एवं दीर्घकालीन सेवाओं के लिए भारत के महामहिम राष्ट्रपति द्वारा उन्हें विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। 15 अगस्त 2026 को भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उन्हें पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने श्रीमती कृष्णावेणु देशावतु से आत्मीय परिचय प्राप्त कर उनकी उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ एवं जनहितकारी सेवाओं की सराहना की तथा उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। समारोह में राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक एवं सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित अधिकारियों एवं पदक विजेताओं का औपचारिक अभिनंदन किया गया।

वर्तमान दायित्व के अंतर्गत श्रीमती देशावतु प्रदेश में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नई नीतियों एवं नियमों के निर्माण, पुलिस विभाग के बजट एवं योजनाओं की वित्तीय स्वीकृति, आधुनिक हथियारों, वाहनों एवं संचार उपकरणों की खरीदी से संबंधित कार्यों, विधानसभा संबंधी संसदीय कार्यों तथा आर्म्स लाइसेंस एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों के संचालन को विनियमित करने जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

अपने सेवाकाल के दौरान श्रीमती देशावतु ने विभिन्न महत्वपूर्ण मैदानी एवं प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए सक्रिय क्षेत्रीय नेतृत्व एवं प्रभावी पुलिसिंग की पहचान बनाई है। पुलिस अधीक्षक देवास, पुलिस अधीक्षक झाबुआ, उप महानिरीक्षक ग्वालियर तथा उप महानिरीक्षक विसबल, मध्य क्षेत्र, भोपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था के प्रभावी संचालन, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस बल के अनुशासन एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मैदानी पदस्थापनाओं के दौरान श्रीमती देशावतु अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों की सहायता, पुलिस बल के कल्याण तथा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी जानी गईं। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनविश्वास बढ़ाने के लिए उन्होंने सोशल पुलिसिंग को भी प्राथमिकता दी।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे अधिकारी अपनी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पित सेवाओं से शासन एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने पदक विजेता अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम के उपरांत पदक विजेता अधिकारियों के साथ संवाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हाई टी एवं अल्पाहार के साथ समूह छायाचित्र का आयोजन भी हुआ।

राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाना श्रीमती कृष्णावेणु देशावतु की दीर्घकालीन, उत्कृष्ट एवं समर्पित पुलिस सेवा का गौरवपूर्ण सम्मान है। यह सम्मान उनके कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता तथा प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने में दिए जा रहे योगदान को रेखांकित करता है।