दिव्यांग-नेत्रहीन दंपती को मिला पक्का आशियाना, धौल में बना सार्वजनिक भवन


 बेतवा भूमि न्यूज़ बैतूल 
(मप्र)। जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज के सानिध्य में कुरुक्षेत्र, हरियाणा स्थित मुनीन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘अन्नपूर्णा मुहिम’ के तहत बैतूल जिले में जरूरतमंद परिवारों के लिए जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शाहपुर तहसील के ग्राम बरेठा में दिव्यांग-नेत्रहीन दंपती के परिवार को पक्का मकान बनाकर दिया गया। वहीं ग्राम धौल में ग्रामीणों की सुविधा के लिए सार्वजनिक भवन का निर्माण कराया गया।

दिव्यांग परिवार को करीब 10 लाख की लागत से मिला मकान
ग्राम बरेठा निवासी चुन्नीलाल उइके पैरों से दिव्यांग हैं, जबकि उनकी धर्मपत्नी नेत्रहीन हैं। दंपती की पांच बेटियां हैं। अन्नपूर्णा मुहिम के तहत परिवार के लिए करीब 10 लाख रुपये की लागत से पक्का मकान बनवाया गया, जिसमें बिजली, पंखे, पानी की टंकी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नवनिर्मित मकान की चाबी घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक गंगा सज्जनसिंह उइके ने परिवार को सौंपी। इसके साथ ही परिवार को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री, रसोई के बर्तन, गैस सिलेंडर, चूल्हा, पलंग, गद्दे, कपड़े, शिक्षा सामग्री तथा एक माह की राशन सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान परिवार का गृह प्रवेश भी कराया गया।

धौल गांव में बना नि:शुल्क सार्वजनिक भवन

इसी दिन, 27 अगस्त को बैतूल जिले के ग्राम धौल, ग्राम पंचायत कल्याणपुर में ग्रामीणों की मांग पर 17×30 फीट आकार के नि:शुल्क सार्वजनिक भवन का निर्माण भी पूर्ण कराया गया। भवन में चैनल गेट, विद्युत फिटिंग और पंखे सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

नवनिर्मित भवन की चाबी और ताला विधायक गंगा सज्जनसिंह उइके द्वारा ग्रामीणों को सौंपा गया। इस भवन का उपयोग गांव में सामाजिक कार्यक्रमों, चौपालों और जनबैठकों के लिए किया जा सकेगा।

विधायक ने जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की

विधायक गंगा सज्जनसिंह उइके ने संत रामपाल जी महाराज के सानिध्य में ट्रस्ट द्वारा बिना किसी भेदभाव के गांव-गांव में किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा मुहिम, दहेज-मुक्त विवाह और रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यों से जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक भवनों के निर्माण और जरूरतमंद परिवारों को आवास सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की पहल को भी सराहनीय बताया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जनसिंह उइके, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मालवीय, भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव, मंडल उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश इवने, शाहपुर के पूर्व मंडल महामंत्री चंपालाल बड़ोदिया, शाहपुर पार्षद कमलेश प्रजापति, बरेठा ग्राम सरपंच कमल धुर्वे, घोड़ाडोंगरी मंडल महामंत्री दीपक धोटे, धौल ग्राम सरपंच रामप्यारी यादव, सरपंच प्रतिनिधि होरीलाल यादव, धौल उपसरपंच आशाराम वरखड़े, भाजपा युवा मोर्चा मंडल महामंत्री प्रतीक रघुवंशी, बूथ अध्यक्ष भीमराव वामनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

अतिथियों की उपस्थिति में गृह प्रवेश एवं सार्वजनिक भवन लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ।