मारपीट, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण एवं अन्य शिकायतों पर अधिकारियों से ली जानकारी, निष्पक्ष जांच और समयबद्ध निराकरण पर जोर
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी द्वारा 22 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। जनसुनवाई में 40 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली तथा शिकायतों के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*शिकायत की प्रकृति के अनुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश:*
जनसुनवाई में मारपीट, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, साइबर शिकायतों सहित विभिन्न पुलिस संबंधी मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरणों की प्रकृति एवं तथ्यों के आधार पर संबंधित थाना एवं शाखा प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक था, उनमें संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही कार्रवाई कराई गई, जबकि जांच की आवश्यकता वाले मामलों में निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*हर शिकायत की कार्रवाई की हो नियमित समीक्षा:*
पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार रखने तथा नियमानुसार पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
*जनसुनवाई से नागरिकों को सीधे पुलिस तक पहुंच का माध्यम:*
जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराना तथा शिकायतों पर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विदिशा पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा, सेवा एवं विश्वास को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।