मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम श्रृंखला ‘अफ़साने का अफ़साना’ के अंतर्गत इस बार ‘स्त्री विमर्श और संस्कारों के बदलते हुए कथानक’ विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम 5 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी, संस्कृति भवन, बाणगंगा चौराहा, भोपाल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं राज्य निर्वाचन आयुक्त, मध्यप्रदेश (सेवानिवृत्त आईएएस) श्री मनोज श्रीवास्तव करेंगे। वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त आईपीएस श्रीमती अनुराधा शंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से आए साहित्यकार एवं अफ़साना निगार सिराज अजमली (अलीगढ़), निगार अज़ीम (दिल्ली), अफ़शां मलिक (अलीगढ़), चंद्रभान राही (भोपाल) तथा डॉ. अंबर आबिद (भोपाल) विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने के साथ अपनी कहानियों का पाठ भी करेंगे। कार्यक्रम का संचालन शगुफ़्ता यास्मीन (दिल्ली) करेंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य साहित्य में स्त्री विमर्श के बदलते स्वरूप, पारिवारिक एवं सामाजिक संस्कारों में आ रहे परिवर्तनों और इन बदलावों के कथा-साहित्य पर पड़ने वाले प्रभाव पर सार्थक संवाद स्थापित करना है। बदलते सामाजिक परिवेश में स्त्री की भूमिका, अधिकार-बोध, पारिवारिक मूल्यों और पीढ़ियों के बीच बदलते संबंधों को अफ़साने के माध्यम से समझने का प्रयास भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण पक्ष होगा।
मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने साहित्यप्रेमियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण साहित्यिक संवाद का हिस्सा बनने की अपील की है।