ग्वालियर हादसे पर CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन, 8 पुलिसकर्मी निलंबित; CSP हटाए गए


 बेतवा भूमि न्यूज़ भोपाल। ग्वालियर

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुई दुर्घटना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश देते हुए लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने CSP को तत्काल हटाने तथा 3 थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और 3 आरक्षकों सहित कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि मंदिर की दीवार ट्रक के रास्ते में नहीं आती, तो उसकी चपेट में और भी लोग आ सकते थे।

ग्वालियर में ट्रक ने 57 श्रद्धालुओं को कुचला, 15 मौतें, 42 घायल

ग्वालियर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 42 लोग घायल हैं।