विदिशा में दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई, जेसीबी से ढहाए जा रहे मकान; भारी पुलिस बल तैनात
बेतवा भूमि समाचार | विदिशा।
नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के गंभीर मामलों में पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बुलडोजर एक्शन शुरू किया। 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी शरद गोस्वामी के खामबाबा क्षेत्र स्थित अवैध निर्माण और 9 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी चंदू खान के तीन मंजिला मकान पर जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
खामबाबा क्षेत्र में सुबह 10 बजे पहुंचा प्रशासनिक अमला
जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी राकेश अहिरवार को एक दिन पहले गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, दूसरे आरोपी शरद गोस्वामी के खामबाबा क्षेत्र स्थित अवैध निर्माण को हटाने के लिए बुधवार सुबह करीब 10 बजे प्रशासनिक अमला जेसीबी मशीन के साथ पहुंचा। मौके पर जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, भारी पुलिस बल, नगर पालिका, बिजली कंपनी के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मकान को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
9 वर्षीय बालिका के मामले में तीन मंजिला मकान पर कार्रवाई
इसी तरह 9 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी चंदू खान के तीन मंजिला मकान पर भी प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे नगर पालिका का अमला और भारी पुलिस बल जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा। बताया गया कि मकान से संबंधित जवाब प्रस्तुत करने के लिए आरोपी को 72 घंटे का समय दिया गया था। निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रारंभ की।
दोनों स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विदिशा जिले के विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों के साथ अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल दोनों स्थानों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से कार्रवाई जारी है।